उत्तर प्रदेशप्रादेशिक

यूपी: 26 जून से शुरू होगा एमएसएमई सम्मेलन

लखनऊ: देश के कुटीर, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को और प्रतिस्पर्धी बनाने तथा उन्हें नई प्रौद्योगिकियों और रणनीतियों से रूबरू कराने के लिये उद्योग मंडल ‘एसोचैम’ आगामी 26-27 जून को लखनऊ में ‘उत्‍तर प्रदेश- एमएसएमई सम्मेलन’ आयोजित करेगा। एसोचैम द्वारा सोमवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक ‘अंतरराष्‍ट्रीय एमएसएमई दिवस’ के अवसर पर आयोजित किये जाने वाले इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधि और इस क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल होंगे। साथ ही कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे।

बयान के अनुसार, राज्य में एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने वाली सरकार की नीतियों के अनुरूप यह कार्यक्रम एसोचैम की ‘विकसित भारत के लिये एमएसएमई दृष्टिकोण’ का हिस्सा है। इस दो दिन के सम्मेलन में एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों और संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों के बीच विषय आधारित चर्चा सत्र, खरीदार-विक्रेता सम्मेलन, क्षेत्र आधारित गोलमेज चर्चा, उद्योग-सरकार बैठकें और भारतीय एमएसएमई के लिए देश के प्रमुख बाजारों में पैठ बनाने की रणनीतियों पर चर्चा के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button