उत्तर प्रदेशप्रादेशिक

आगरा: एसएन के मेडिसिन विभाग में 26 बेड का आईसीयू तैयार

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में 26 बेड का नया आईसीयू बना है। इसमें वेंटिलेटर समेत अन्य उन्नत जीवनरक्षक उपकरणों की सुविधा है। इससे गंभीर मरीजों के इलाज में आसानी होगी। अब विभाग में 40 बेड के दो आईसीयू हो गए हैं। शुक्रवार को इनका उद्घाटन हो गया है।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मेडिसिन विभाग में 14 बेड का आईसीयू संचालित हो रहा था। आसपास के जिलों से गंभीर मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण मरीजों के इलाज में दिक्कत आती थी। इसके चलते घड़ी वाली इमारत में 26 बेड का आईसीयू बनाया गया है। इसमें हर बेड पर वेंटिलेटर लगा है। अब एसएन में आईसीयू में 111 बेड हो गए हैं। इनमें मेडिसिन में 40, बाल रोग विभाग में 36, सर्जरी में 25 और इमरजेंसी में 10 बेड का आईसीयू है। वक्ष एवं क्षय रोग विभाग के लिए 5 बेड का आईसीयू और बनाया जा रहा है।

विभागाध्यक्ष डॉ. मृदुल चतुर्वेदी ने बताया कि बेड पर ही मरीज की ईसीजी, ईको समेत अन्य जांचों की सुविधा भी मिलेगी। एक-दो दिन में मरीजों की भर्ती शुरू कर देंगे। मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. मृदुल चतुर्वेदी, रेडियो डायग्नोस्टिक विभागाध्यक्ष डॉ. हरी सिंह, डॉ. टीपी सिंह, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. विजय सिंघल आदि मौजूद रहे।

सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम से एक ही स्क्रीन पर मरीजों की निगरानी
आईसीयू यूनिट के प्रभारी डाॅ. आशीष गौतम और सह प्रभारी डॉ. अजित चाहर ने बताया कि आईसीयू सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने की तैयारी है। इससे एक ही स्क्रीन पर सभी बेड के मरीज का डाटा की निगरानी हो सकेगी। इससे किसी मरीज की स्थिति बिगड़ती है तो तत्काल उसे देख सकेंगे। इससे चिकित्सकीय स्टाफ की ज्यादा जरूरत भी नहीं पड़ेगी और मरीज की 24 घंटे बेहतर निगरानी हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button