ताइवान में भारी तबाही मचाने के बाद अब चक्रवाती तूफान ‘डॉल्फिन’ चीन के पूर्वी तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। तूफान के खतरे को देखते हुए शंघाई के दोनों प्रमुख हवाई अड्डों ने रविवार को 1,300 से अधिक उड़ानें रद कर दी हैं।
दरअसल, तूफान डॉल्फिन ने शनिवार को राजधानी ताइपे समेत उत्तरी ताइवान को प्रभावित किया। इस तूफान ने उत्तरी ताइवान में भारी बारिश की और चीन के पूर्वी तट पर बाढ़ और भूस्खलन का खतरा पैदा कर दिया है। तूफान के कारण कुछ ताइवानी एयरलाइंस ने रविवार को चीन जाने वाली उड़ानें भी रद कर दीं।
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह तक टाइफून डॉल्फिन की अधिकतम निरंतर हवा की गति लगभग 162 किमी प्रति घंटा थी। तूफान को रविवार शाम तक चीन के झेजियांग प्रांत और पड़ोसी फुजियान प्रांत के उत्तरी हिस्सों से टकराने की आशंका है।
चीनी मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कुछ क्षेत्रों में 200-400 मिमी बारिश हो सकती है, जिससे गंभीर बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाएगा। इस तूफानी का सबसे अधिक असर झेजियांग और फुजियान प्रांत में देखने को मिलेगा। खतरे को देखते हुए इन दोनों राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
