पांच बार की आईपीएल विजेता चेन्नई सुपर किंग्स में बदलाव की बयार बह रही है। टीम ने हाल ही में अपने कोचिंग स्टाफ से कई दिग्गजों को हटाया था। अब फ्रेंचाइजी ने कोचेज की भर्ती भी कर ली है। चेन्नई ने मंगलवार को अपने तीन नए कोचेस के नामों का आधिकारिक एलान किया।
आईपीएल-2027 के लिए टीम ने जहीर खान को मुख्य कोच बनाए जाने का एलान काफी पहले ही कर दिया था। इस फ्रेंचाइजी ने तीन नए कोच चुने हैं जिनमें से एक इंग्लैंड, एक साउथ अफ्रीका और एक भारत का है।
इन दिग्गजों को मिली कमान
चेन्नई ने साउथ अफ्रीका के एल्बी मोर्केल को जहीर खान का डिप्टी बनाया है। वह सहायक कोच की भूमिका में होंगे। इसके अलावा भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी मिली है। वहीं इंग्लैंड के गैरेथ बैटी को भी सहायक कोच की भूमिका मिली है।
मोहित ने 2013 से 2015 तक चेन्नई के लिए आईपीएल खेला था। इसके बाद वह कई अन्य टीमों में नजर आए। वहीं मोर्केल भी चेन्नई की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वह लंबे समय तक टीम के अहम खिलाड़ियों में रहे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने अपनी एसए20 की टीम जोबर्ग सुपर किंग्स का हेड कोच भी बनाया है। चेन्नई ने एक्स पर इन तीनों की नियुक्ति का आधिकारिक एलान भी किया।
सरे को जिताया खिताब
इंग्लैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर गैरेथ बैटी के पास कोचिंग का अनुभव है। उन्होंने इंग्लैंड की काउंटी सरे को कोचिंग दी है। वह अब चेन्नई को खिताब दिलाने की कोशिश करेंगे। चेन्नई के नए कोचिंग स्टाफ का एलान ऐसे समय हुआ है जब फ्रेंचाइजी अगले साल के लिए अपनी टीम तैयारी करने की रणनीति बना रही है। 16 दिसंबर को आईपीएल नीलामी होनी है और इससे पहले चेन्नई पूरी तैयारी करना चाहेगी।