उत्तर प्रदेशप्रादेशिक

गाजीपुर: अवैध वसूली और मारपीट के मामले में मुख्य आरक्षी सहित चार निलंबित

एसपी ओमवीर सिंह ने सोमवार को शहर कोतवाली में तैनात एक मुख्य आरक्षी और सुहवल थाने के तीन आरक्षियों को निलंबित कर दिया। सभी को पुलिस लाइन से संबंद्ध कर दिया है। यह कार्रवाई एक चालक से अवैध वसूली और मारपीट का वीडियो आने के बाद किया है। साथ ही मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

17 फरवरी की रात शहर कोतवाली में तैनात मुख्य आरक्षी योगेंद्र यदुवंशी रजागंज चौकी पर निगरानी ड्यूटी पर थे। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों को व्हाट्सअप पर मिले वीडियो में बिजनौर जनपद के चांदपुर तहसील के झुजैला गांव निवासी विरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वह अपने वाहन को वाराणसी से छपरा लेकर जा रहे थे।

हमीद सेतु की दूसरे तरफ पुलिस द्वारा पैसा लिया गया और इस पार भी पुलिस कर्मियों के द्वारा पैसे की मांग की गई। कारण पूछने पर कुछ पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट कर पैसा लेने का आरोप लगाया। जब पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने छानबीन की तो पता चला कि यह घटना सुहवल थाना क्षेत्र में हुई है।

मुख्य आरक्षी योगेंद्र यदुवंशी पर अवैध वसूली और अभद्रता का आरोप लगा है। वहीं सुहवल थाने पर तैनात आरक्षी नवीन पांडेय, आरक्षी अजीत यादव और शंभू प्रजापति पर भी मारपीट व अभद्रता का आरोप लगा है। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि मुख्य आरक्षी सहित चार को निलंबित करने के साथ पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। साथ ही सभी को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button