इसरो ने अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन गगनयान के अंतरिक्षयात्रियों (गगनयात्रियों) की सुरक्षा, शारीरिक सहनशक्ति और मानसिक मजबूती को परखने के लिए मिशन मित्र लांच किया है।
इसरो ने शुक्रवार को कहा, गगनयान जैसे मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशनों में सहायता के लिए केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में दो से नौ अप्रैल तक मिशन मित्र का संचालन किया है। इस मिशन को इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने लांच किया। इसका मुख्य उद्देश्य चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसरो ने बयान में कहा, मिशन मित्र अपनी तरह का पहला टीम व्यवहार अध्ययन है। इसे इसरो और भारतीय वायु सेना-एयरोस्पेस मेडिसिन संस्थान द्वारा अत्यधिक ऊंचाई और कम तापमान वाली परिस्थितियों में काम करने वाले चालक दल की शारीरिक, मनोवैज्ञानिक व्यवहार और परिचालन गतिशीलता का आकलन करने के लिए डिजाइन किया गया है।
इसरो ने कहा, चालक दल की सुरक्षा और प्रदर्शन सभी मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशनों के सबसे महत्वपूर्ण है। चालक दल की प्रभावी संचार क्षमता, तनाव से निपटने, एक-दूसरे का समर्थन किसी भी मिशन की सफलता और सुरक्षा को निर्धारित करता है।
नियंत्रित लेकिन अंतरिक्ष-जैसी परिस्थितियों में संचालित एनालॉग मिशनों का उपयोग यह समझने के लिए किया जाता है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चालक दल कैसा प्रदर्शन करते हैं। लद्दाख का उच्च-ऊंचाई वाला क्षेत्र (जमा देने वाला तापमान और कम आक्सीजन)अंतरिक्ष के वातावरण के अनुरूप है।
