लखनऊ। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। प्रतीक यादव के निधन की खबर ने सबको हैरत में डाल दिया। प्रतीक 38 साल के थे। शुरुआती जानकारी मिली है कि सुबह करीब छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाए गए थे। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी मिली है कि बुधवार को प्रतीक की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। अभी तक प्रतीक की मौत की वजह साफ नहीं हुई है। मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पत्नी अपर्णा यादव राजधानी लखनऊ में नहीं थीं।

प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही नेताओं का लखनऊ के सिविल अस्पताल में जमा होना शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अपर्णा यादव घर में नहीं थी। वह दिल्ली गई हुई थी।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस

अपने छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव केजीएमयू पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा वह बहुत अच्छा लड़का था बिजनेस व्यवसाय में ध्यान देता था अपने स्वास्थ्य का ध्यान देता था आखिरी बार हमारी उनकी मुलाकात दो महीना पहले हुई थी तब भी मैने स्वास्थ्य पर ध्यान देने को कहा था वह बिजनेस में कुछ बड़ा करना चाहता था अक्सर लोग बिजनेस में नुकसान होने पर दुखी हो जाते हैं जो कानून कहता है जो परिवार कहता है हम लोग आगे उसी आधार पर मौत की जांच के लिए मांग करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य नेताओं ने दुख जताया है।

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रभु दुख की इस घटी को सहने की ताकत परिवार को दें
