उत्तर प्रदेशप्रादेशिकस्वास्थ्य

अचानक अस्पताल पहुंचे डिप्टी CM… हॉस्पिटल की बदहाली देख भड़के ब्रजेश पाठक

चिनहट सीएचसी में गंदगी पर भड़के डिप्टी सीएम
नोटिस व एक हफ्ते का भुगतान काटने के दिए निर्देश
मास्क लगाकर मरीजों की कतार में खड़े हुए ब्रजेश पाठक
बिना चादर के बेड, शौचालय की बदहाली पर जताई नाराजगी

 

उत्तर प्रदेश | Brajesh Pathak ने सोमवार को Chinhat Community Health Centre का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की सफाई व्यवस्था, वार्डों की स्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं में कई खामियां सामने आईं, जिस पर डिप्टी सीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले वह मास्क लगाकर पर्चा काउंटर पर पहुंचे और आम मरीजों की तरह कतार में खड़े होकर अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं और इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी भी ली। इसके बाद वह पैथोलॉजी विभाग पहुंचे, जहां मरीजों की लंबी कतार देखकर उन्होंने टेक्नीशियन से एक मरीज का रक्त नमूना लेने में लगने वाले समय के बारे में पूछा और जांच प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को ज्यादा देर इंतजार न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान एक्स-रे कक्ष के आसपास धूल और गंदगी मिली, जिस पर उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां रखी अलमारी खोलकर स्टॉक की भी जांच की। इसके बाद वह ओपीडी कक्ष नंबर 5 पहुंचे और डॉक्टर से मरीजों की संख्या और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सबसे ज्यादा नाराजगी उन्हें जनरल वार्ड नंबर 28 में देखने को मिली, जहां कई बेड पर चादर नहीं बिछी थी और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। इस पर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान शौचालयों और पीने के पानी की व्यवस्था भी खराब मिली। पानी की पाइप जाली से बंधी थी और आसपास गंदगी थी। डिप्टी सीएम ने सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान काटने और जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त नहीं होगी, तब तक संबंधित अधिकारी अस्पताल परिसर से नहीं जाएंगे।

Related Articles

Back to top button