अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेटर के पास सैंकड़ों चिड़ियों की मौत , जानें क्या वजह?

न्यू यॉर्क. अमेरिका के न्यू यॉर्क शहर में नए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के पास सैंकड़ों की संख्या में चिड़ियों की मौत की दर्दनाक घटना हुई है. दरअसल ये ‘सॉन्ग बर्ड’ कही जाने वाली प्रवासी चिड़िया न्यू यॉर्क शहर से होकर गुजर रही थीं और रात होने के कारण ये शीशे के टावर को देख नहीं सकीं. टावर से टकराकर चिड़ियों की मौत हो गई. ये सभी चिड़िया वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नीचे बिखरी हुई थीं.

अमेरिका में चिड़ियों की मौत की घटनाएं ज्यादा हुई हैं. लेकिन न्यू यॉर्क में ऊंचे ग्लास टावर्स से टकराकर चिड़ियों की पहले भी मौत होती रही है. एक एक्सपर्ट के मुताबिक इसके आंकड़े न्यू यॉर्क प्रशासन के पास पहले से मौजूद हैं.

एक अमेरिकी एक्सपर्ट कैटलिन पर्किंस का कहना है कि बीते सोमवार और मंगलवार की रात को जबरदस्त तूफान भी इन चिड़ियों की मौत का कारण हो सकता है. तूफान से बचने की जल्दी में शायद चिड़ियों का ये समूह ऊंचे ग्लास टावर को देख नहीं पाया. उन्होंने कहा-यह भी हो सकता है कि तूफान की वजह से चिड़ियों का समूह नीचे उड़ने पर मजबूर हो गया होगा, इस कारण पूरा समूह एक बार में ग्लास टावर से टकरा गया.

पक्षियों को लेकर काम करने वाली एक वॉलंटियर मेलिसा ब्रेयर ने इस घटना की तस्वीर भी ट्विटर पर पोस्ट की है. उन्होंने लिखा है-इस घटना की जानकारी सुनकर जब मैं नए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के पास पहुंची तो देखा कि वहां हर तरफ मृत पक्षी पड़े हुए हैं. पूर्व-पश्चिम-उत्तर-दक्षिण, मैं जिधर भी देख रही थी सिर्फ मरे हुए पक्षी ही दिखाई दे रहे थे.

Related Articles

Back to top button