न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया एक बार फिर बैकफुट पर दिख रही है। पहली पारी में इंडिया-ए की टीम 113 रनों पर ढेर हो गई थी। इसके बाद उसके गेंदबाज न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर लगाम नहीं कस पाए और मेजबान टीम ने 317 रनों का स्कोर टांग दिया।
अपनी दूसरी पारी में भी इंडिया-ए अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी। हालांकि, देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने किसी तरह टीम को संभालने की कोशिश की है। दूसरे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 106 रन बना लिए हैं। वह अभी भी न्यूजीलैंड से 98 रन पीछे है।
राहुल और यशस्वी ने किया निराश
इंडिया-ए में आधे से ज्यादा खिलाड़ी वही हैं जो टेस्ट टीम का हिस्सा हैं और ऐसे में यह मैच इन लोगों को न्यूजीलैंड के हालात से वाकिफ कराने के लिए आयोजित किया गया है ताकि खिलाड़ी असल चुनौती के लिए तैयार हो जाएं, लेकिन टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज तो इसी टेस्ट में फेल हो गए। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी पहली पारी में फेल रही और दूसरी पारी में भी यह सिलसिला जारी रहा। राहुल के लिए दहाई के अंक तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। वह पहली पारी में खाता नहीं खोल पाए थे और दूसरी पारी में उनके बल्ले से सिर्फ चार रन ही निकले।
वहीं, पहली पारी में 17 रन बनाने वाले यशस्वी दूसरी पारी में पांच रनों से आगे नहीं जा पाए। इंडिया-ए का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 10 रन था तब सुदर्शन और पडिक्कल ने टीम को संभाला। दोनों ने मिलकर दिन का खेल खत्म होने तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। पडिक्कल 56 रन बनाकर नाबाद हैं तो वहीं सुदर्शन 39 रन बनाकर खेल रहे हैं। पडिक्कल ने अभी तक 89 गेंदों का सामना कर नौ चाकै मारे हैं। सुदर्शन ने 104 गेंदें खेली हैं जिनमें से पांच पर चौके मारे।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने दिखाया दम
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने दिन की शुरुआत तीन विकेट के नुकसान पर 135 रनों के साथ की थी। उसने आसानी से अपना स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। पहले दिन टीम के लिए 76 रन बनाने वाले कप्तान रिस मारियू इस पारी में टीम के सर्वोच्च स्कोरर ही रहे। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने दूसरे दिन अर्धशतक जमाया। उन्होंने 79 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 51 रनों की पारी खेली। कुर्टीस हीफी ने 134 गेंदों पर 44 रन बनाए।
भारत की तरफ से अंशुल कंबोज और आकिब नबी ने तीन-तीन विकेट लिए। आकाश दीप के हिस्से दो विकेट आए। मुकेश चौधरी और वॉशिंगटन सुंदर के हिस्से एक-एक विकेट आया।