राजधानी समेत प्रदेश के मौसम में बदलाव की स्थिति जारी है। सुबह में कुहासा के बाद जब दिन में धूप निकली तो लोगों को राहत मिली। दिन में धूप निकलने के साथ लोगों को ठंड से राहत मिल रही है, जबकि रात में ठंड का प्रभाव बना हुआ है। वहीं, उत्तर बिहार में शुक्रवार को पूरे दिन सतही हवा चलने की वजह से ठंड का असर बरकरार रहा। हालांकि आसमान साफ रहा। बता दें कि विगत कुछ दिनों से आसमान में छिटपुट बादल छाए हुए थे।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी समेत प्रदेश के 27 जिलों के अधिकतम तापमान में जहां वृद्धि आई है, वहीं राजधानी समेत 18 जिलों के न्यूनतम तापमान में कमी आई है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी भागों में कोहरे का प्रभाव बना रहेगा, जबकि प्रदेश के शेष भागों का मौसम शुष्क बना रहेगा। रात के तापमान में आंशिक गिरावट के आसार है।
इधर, डा.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान रिपोर्ट जारी कर दी गई है। इसमें बताया गया है कि उत्तर बिहार में आठ फरवरी तक सतही हवा चलती रहेगी। इस दौरान आसमान साफ पूरी तरह से साफ रहेगा। मौसम प्राय: शुष्क ही रहेगा। वरीय मौसम विज्ञानी डा.ए सत्तार ने बताया कि सतही हवा की रफ्तार 11 से 14 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। हवा की दिशा पश्चिम से पूरब ही रहने वाली है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 55 से 60 प्रतिशत रहेगी।
इन शहरों के तापमान में गिरावट
पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य जिलों के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है। राजधानी के न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री, गया में 3.7 डिग्री, औरंगाबाद में 2.8 डिग्री, रोहतास में 1.6 डिग्री, शेखपुरा में 0.6 डिग्री, जमुई में 0.7 डिग्री, बांका में 1.5 डिग्री, सबौर में दो डिग्री, भागलपुर में 0.4 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 3.4 डिग्री, कटिहार में 1.2 डिग्री, पूर्णिया में 0.4 डिग्री, अररिया में दो डिग्री, फारबिसगंज में 0.8 डिग्री, सुपौल में 1.6 डिग्री, सहरसा में 1.2 डिग्री, खगड़िया में 1.5 डिग्री, शेखपुरा में 0.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
इन शहरों के तापमान में वृद्धि
राजधानी पटना के अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री, गया में 1.4 डिग्री, औरंगाबाद में 0.8 डिग्री, रोहतास में 0.4 डिग्री, नवादा में 0.2 डिग्री, सहरसा में 1.8 डिग्री, सारण में 1.5 डिग्री, सिवान में 1.6 डिग्री, मुजफ्फरपुर में दो डिग्री, पूर्वी चंपारण में 1.1 डिग्री, समस्तीपुर में 2.4 डिग्री, बेगूसराय में 1.3 डिग्री, बांका में 0.1 डिग्री, सबौर में 1.2 डिग्री, भागलपुर में 1.5 डिग्री, खगड़िया में 0.8 डिग्री, सुपौल में 0.8 डिग्री, अररिया में 1.2 डिग्री, पूर्णिया में 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
Fark India | National Hindi Magazine Hindi Magazine and Information Portal