अफ्रीका के माली में एक अवैध सोने के खदान धंसने से 70 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। हादसे से जुड़े लोगों के मुताबिक मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। खदान के धंसने के बाद से राहत और बचाव कार्य जारी है।
अफ्रीकी सरकार के राष्ट्रीय भूविज्ञान और खनन निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी करीम बर्थे ने बुधवार को एसोसिएटेड प्रेस को हादसे को लेकर एक विवरण की पुष्टि की है और उन्होंने इसे एक दुर्घटना बताया है। हालांकि अभी तक हादसे को लेकर कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। साथ ही अभी तक यह भी साफ नहीं किया गया है कि हादसा जब शुक्रवार को हुआ था, तो इसकी जानकारी मंगलवार को क्यों दी गई है।
जानकारी के मुताबिक सोने की अवैध खदान दक्षिण-पश्चिमी कौलिकोरो क्षेत्र के कंगाबा जिले में धंसी है। जानकारों का मानना है कि अफ्रीका के माली में सोने के खदाने धंसने की घटनाएं आम होती जा रहीं हैं। यहां छोटे पैमाने पर खनन करने वाले अक्सर सुरक्षा उपायों की अनदेखी करते हैं। जिसके चलते आए दिन बड़ी संख्या में लोगों की मौत की घटनाएं सामने आती हैं। माली अफ्रीका का तीसरा सबसे बड़ा सोने का उत्पादक है।
देश की सरकार में काम करने अधिकारियों ने मांग उठाई है कि सरकार को देश में अवैध खनन रोकने के लिए कदम उठाने चाहिए। ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। देश के खनन मंत्रालय ने अपने एक बयान में दुर्घटना को लेकर गहरा खेद व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने खनिकों के साथ-साथ खनन स्थलों के पास रहने वाले समुदायों से सुरक्षा आवश्यकताओं का पालन करने का आग्रह किया है।
Fark India | National Hindi Magazine Hindi Magazine and Information Portal