अपराधउत्तर प्रदेशप्रादेशिक

नशेड़ी ने सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर किया वार, बचाने आई बेटी पर भी किया हमला…दोनों की मौत

देवरिया: देवरिया जिले के मईल इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी पर कथित रूप से सिलबट्टे से प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मठिया माफी गांव का निवासी बबलू कुमार (50) पंजाब के लुधियाना में एक निजी कंपनी में काम करता था लेकिन पिछले सात-आठ महीने से घर पर ही था और शराब का आदी हो गया था। बरहज के पुलिस क्षेत्राधिकारी आदित्य गौतम ने बताया कि शराब पीने को लेकर उसका अपनी पत्नी दुर्गा देवी (40) से विवाद होता रहता था। गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात दोनों में फिर विवाद हो गया और गुस्से में आकर बबलू ने सिलबट्टे से दुर्गा के सिर पर प्रहार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया जब उसकी बेटी परिणीति (12) ने शोर मचाया तो बबलू ने उसके सिर पर भी सिलबट्टे से वार कर दिया और उसकी भी मौत हो गई, जिसके बाद बबलू वहां से फरार हो गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लुधियाना में नौकरी करता था लेकिन पिछले 7-8 महीनों से घर पर ही रह रहा था। जिसको लेकर उसकी पत्नी अक्सर उसे ताने मारा करती थी, जिससे आये दिन घर में लड़ाई झगड़ा होता रहता था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
वहीं आरोपी के पड़ोसियों का कहना है कि बबलू शराब का नशा भी करने लगा था। बीती रात जब वह घर पहुंचा तो पत्नी से नौकरी को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ा कि बबलू ने गुस्से में सिलबट्टे से पत्नी का सिर कूच दिया और जब बीच-बचाव करने बेटी परिनीति आई तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद घर में जब पड़ोसियों ने 2 लाशें एक साथ देखीं तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस बबलू को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी में हैं।

Related Articles

Back to top button