प्रादेशिकबिहार

दिवंगत नेता सुशील मोदी के घर जाकर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

पटना: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा चुनाव के बीच एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार सोमवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। वह यहां भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेता सुशील कुमार मोदी के आवास पर गए और उनके परिजनों को सांत्वना दी।

पिछले सप्ताहांत पटना में एक शानदार रोड शो करने वाले प्रधानमंत्री मोदी का हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने स्वागत किया। पटना पहुंचने पर प्रधानमंत्री सीधे भाजपा के दिवंगत नेता सुशील कुमार मोदी के आवास पर गए। प्रधानमंत्री के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए एक छोटा वीडियो फुटेज भाजपा की बिहार इकाई द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। सुशील कुमार का पिछले सप्ताह कैंसर के कारण निधन हो गया था। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी।

मोदी, इसके बाद भाजपा के राज्य मुख्यालय आए और लोकसभा चुनाव के आखिरी कुछ चरणों से पहले प्रमुख पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। भाजपा बिहार की 40 लोकसभा सीट में से 17 सीट पर चुनाव लड़ रही है। इनमें से आठ सीट पर छठे और सातवें चरण में मतदान होगा। मोदी का मंगलवार सुबह सीवान और पूर्वी चंपारण जिलों में चुनावी रैलियों के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री के नवीनतम दौरे के मद्देनजर पूरे शहर में यातायात प्रतिबंधों सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Back to top button