राष्ट्रीय

मॉडल स्कूल के खाने में मिली छिपकली को लेकर शिक्षा मंत्रालय सख्त

तेलंगाना के मॉडल स्कूल में नाश्ते में परोसे गए उपमा में छिपकली मिलने की घटना को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है। दरअसल, तेलंगाना के रामायमपेट के टीजी मॉडल स्कूल के तीन छात्र उपमा खाने के बाद बीमार पड़ गए थे। यह खाना 30-40 छात्रों ने खाया था। प्रभावित छात्राओं में नाश्ता करने के बाद उल्टी और दस्त जैसे लक्षण दिखे थे।

पुलिस ने बताया कि खाना खाने से उल्टी होने पर तीन छात्रों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शिक्षा मंत्रालय ने इस मामले में एक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है कि तेलंगाना सरकार ने बताया है कि यह घटना तेलंगाना सरकार के मॉडल स्कूल के छात्रावास में हुई है। राज्य सरकार अपनी योजना के तहत मॉडल स्कूलों को नाश्ता मुहैया करवाती है। यह पीएम पोषण योजना (PM POSHAN Scheme) के अंतर्गत नहीं आता है। राज्य सरकार ने यह भी बताया है कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गंभीर कार्रवाई की है।

सुरक्षा मानदंडों को सुनिश्चित करते हुए भोजन देने की सलाह

शिक्षा मंत्रालय ने आगे यह दोहराते हुए कहा कि पीएम पोषण योजना स्कूलों में गर्म पका हुआ मध्याह्न भोजन प्रदान करती है। मंत्रालय ने तेलंगाना सरकार को सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को सुरक्षा मानदंडों को सुनिश्चित करने और छात्रों के लिए अच्छे से पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने के लिए उचित कदम उठाने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button