अपराध

हथौड़ी से बच्ची पर हमला: घर में घुसकर महिला से छेड़छाड

कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उधार के पैसे लौटाने के बहाने एक युवक रात में महिला के घर में घुस गया और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला की 10 वर्षीय बेटी के सिर पर हथौड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

बच्ची को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़ित महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तिवारीपुर इलाके के मस्जिद गली के पास रहने वाले अफरोज आलम को पैसे उधार दिए थे। 27 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और बाहर से आवाज लगाई कि वह उधार के पैसे लौटाने आया है। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, अफरोज जबरन अंदर घुस गया। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

महिला के विरोध करने पर आरोपी उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। शोर सुनकर अंदर से उसकी 10 वर्षीय बेटी बाहर आई और मां को बचाने की कोशिश की। इससे नाराज होकर आरोपी ने अपने साथ लाए हथौड़े से बच्ची के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर गई। महिला किसी तरह पड़ोस की छत पर कूदकर जान बचाने में सफल हुई और अपनी मां को फोन कर वारदात की जानकारी दी।
महिला का आरोप है कि इस बीच आरोपी घर में रखे पैसे और कीमती सामान लेकर भाग गया। महिला की मां जब रास्ते में उसे मिलीं तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचने पर बच्ची खून से लथपथ अचेत अवस्था में मिली। तत्काल डायल 112 को कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने बच्ची को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता ने 29 नवंबर की रात को कोतवाली थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी अफरोज आलम के खिलाफ हत्या की कोशिश, यौन उत्पीड़न और लूट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है।

Related Articles

Back to top button