उत्तर प्रदेशप्रादेशिक

ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण अब 13 मार्च को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी करेंगे लोकार्पण

लखनऊ | उत्तर प्रदेश राजधानी लखनऊ में गोमती नगर ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे फेज का लोकार्पण अब 13 मार्च को किया जाएगा। इस परियोजना का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। पहले इस कॉरिडोर का लोकार्पण 22 फरवरी को होना तय था, लेकिन मुख्यमंत्री की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम को आगे बढ़ाकर 28 फरवरी कर दिया गया था। हालांकि उस दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम में शामिल न हो पाने के कारण उद्घाटन फिर टालना पड़ा। अब उनके आने की पुष्टि के बाद 13 मार्च को लोकार्पण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गोमती नगर के समतामूलक चौराहे से निशातगंज होते हुए हनुमान सेतु तक और वहां से डालीगंज तक ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। यह परियोजना शहर के ट्रैफिक को सुगम बनाने और लोगों को तेज व सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के उद्देश्य से बनाई गई है। इसके बनने से शहर के कई प्रमुख इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और जाम की समस्या में भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे फेज के साथ-साथ आईआईएम से पक्का पुल तक बने पहले फेज का भी लोकार्पण किया जाएगा। भाजपा महानगर प्रवक्ता प्रवीण गर्ग के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शाम 4:30 बजे गोमती नगर के समतामूलक चौराहे पर ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वह झूलेलाल घाट पहुंचकर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Related Articles

Back to top button