राष्ट्रीय

केरलम में भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा

दक्षिण केरलम के तिरुवनंतपुरम जिले में परासला रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार तड़ते भूस्खलन होने से रेलवे के परिचालन पर असर पड़ा है। इस घटना में बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल ट्रेन सेवाएं पर रोक लगा दी है। छह पैसेंजर ट्रेनों को रद कर दिया है। वहीं, प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेन को आंशिक रूप से रद कर दिया है।

ट्रेन रुकने के बाद पटरी से उतरी ट्रेन

हादसा तब हुआ जब इस इलाके में भारी बारिश हो रही थी। इसी दौरान करीब रात को 2:19 पर हादसा हुआ। भूस्खलन की वजह से ट्रेन नंबर 22619 को परासला स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन के रुकने के बाद इंजन पटरी से उतर गया।

सभी यात्री और कर्मचारी सुरक्षित

दक्षिण रेलवे ने बयान जारी कर बताया कि ट्रेन में सवार सभी यात्री और कर्मचारी सुरक्षित हैं। उनकी मदद के लिए रिलीफ लोकोमोटिव को बुलाया गया है। इसके साथ ही रेल सेवा को फिर से बहाल करने की कोशिश जारी है। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को भी मौके पर रवाना कर दिया गया है।

यात्रियों को बसों से आगे भेजा जा रहा

हादसे में फंसी ट्रेन की यात्रा को नेय्यातिनकारा में ही भूस्खलन की वजह से रोक दिया गया है। इसे आगे नहीं भेजा जाएगा। यात्रियों को दूसरी ट्रेन या बसों की सुविधा देकर आगे भेजा जा रहा है। वहीं गुरुवार को चलने वाली छह पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह से रद कर दिया गया है।

किन-किन ट्रेनों को किया गया रद

जिन ट्रेनों की सेवा को रद किया गया है उनमें तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-कोल्लम जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ पैसेंजर, कोल्लम जंक्शन-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर शामिल हैं।

इनके समय में हुआ बदलाव

कन्याकुमारी से सुबह 3:45 बजे रवाना होने वाली कन्याकुमारी-मंगलुरु सेंट्रल परशुराम एक्सप्रेस का समय बदलकर अब सुबह सात बजे किया गया है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और ताजा जानकारी पाने के लिए 9188241681, 9188523905 और 8590137970 जैसे अस्थायी संपर्क नंबर जारी किए हैं। बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम जिले के लिए बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया था। मौसम विभाग ने 22 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है।

Related Articles

Back to top button