उत्तर प्रदेशप्रादेशिक

यूपी में कृषि योजनाओं के लिए ₹268.47 करोड़ मंजूर, किसानों को मिलेगा लाभ

योगी सरकार का कृषि क्षेत्र पर जोर, आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और कृषि शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा Thumbnail Text:

उत्तर प्रदेश । सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्रदेश में कृषि क्षेत्र की पूंजीगत योजनाओं, उन्नत कृषि प्रसार, बीज गुणवत्ता नियंत्रण तथा कृषि शिक्षा के सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न मदों में कुल 268.47 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं। इन स्वीकृतियों का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज और सुदृढ़ प्रसार सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है।


स्वीकृत धनराशि के अंतर्गत सर्वाधिक धनराशि वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु अनुदान संख्या-11 के तहत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (जिला/राज्य कृषि योजना) के विभिन्न मानक मदों में कृषि क्षेत्र की पूंजीगत योजनाओं के लिए कुल 133.76 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके पश्चात अनुदान संख्या-81 के अंतर्गत नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (SMAE) योजना के मदर सैंक्शन के क्रम में केन्द्रांश एवं राज्यांश को सम्मिलित करते हुए 66.55 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।


अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों एवं कृषकों के विकास के क्रम में अनुदान संख्या-83 के लेखाशीर्ष-2401-फसल कृषि कर्म के अंतर्गत विशेष घटक योजनान्तर्गत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की पूंजीगत मदों हेतु 39.82 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। साथ ही अनुदान संख्या-83 के ही अंतर्गत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (SMAE) योजना में केन्द्रांश एवं राज्यांश को सम्मिलित करते हुए 17.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एग्रो फॉरेस्ट्री के अंतर्गत विभिन्न अनुदान मदों—अनुदान संख्या-11 के तहत 5.07 करोड़ रुपये, अनुदान संख्या-83 के तहत 1.33 करोड़ रुपये तथा अनुदान संख्या-81 के तहत 3.33 लाख रुपये को मिलाकर कुल 6.43 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।


प्रदेश में किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने हेतु अनुदान संख्या-11 के अंतर्गत एस०एल०एस० कोड UP-240 ‘स्ट्रेंथनिंग सीड क्वालिटी कंट्रोल’ के लिए 3.12 करोड़ रुपये तथा अनुदान संख्या-83 के अंतर्गत एस०एल०एस० कोड UP-296 ‘सबमिशन सीड एंड प्लांटिंग मैटेरियल’ हेतु केन्द्रांश एवं राज्यांश को सम्मिलित करते हुए 1.16 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी क्रम में कृषि शिक्षा के विस्तार हेतु जनपद अम्बेडकरनगर में महामाया कृषि अभियन्त्रण एवं तकनीकी महाविद्यालय की स्थापना के लिए अवशेष धनराशि की द्वितीय किस्त के रूप में अनुदान संख्या-11 के अंतर्गत 12.50 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।

Related Articles

Back to top button