यूपी की नई बजट वेबसाइट लॉन्च, अब वित्तीय जानकारी पाना होगा आसान
मंत्री सुरेश खन्ना ने किया शुभारंभ, आमजन और शोधकर्ताओं को मिलेगी बजट से जुड़ी जानकारी

उत्तर प्रदेश । सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज प्रदेश की नवीनीकृत बजट वेबसाइट https://budget.up.nic.in का शुभारंभ किया। इस वेबसाइट के माध्यम से राज्य सरकार ने बजट एवं वित्तीय सूचनाओं को आमजन, शोधकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों के लिए अधिक सुलभ और व्यवस्थित बनाया है। वेबसाइट पर बजट संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज, वित्तीय आंकड़े, नियमावली, शासनादेश एवं अन्य उपयोगी जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं।
नवीनीकृत वेबसाइट की प्रमुख विशेषता चैटबॉट सुविधा है, जिसके माध्यम से उपयोगकर्ता बजट संबंधी प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर सकेंगे। वेबसाइट पर राज्य बजट के साथ एफआरबीएम अधिनियम, आकस्मिकता निधि नियमावली, विभिन्न रिजर्व फंडों में उपलब्ध शेष धनराशि तथा उत्तर प्रदेश कार्य नियमावली, 1975 की जानकारी भी उपलब्ध है।
वेबसाइट पर केंद्र सरकार से प्राप्त होने वाली धनराशि, केंद्रीय करों में राज्यांश तथा पंचायती राज संस्थाओं एवं नगरीय स्थानीय निकायों के लिए बजट में प्रावधानित अनुदान का विवरण भी देखा जा सकेगा। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2014-15 से वित्तीय स्वीकृतियों से संबंधित शासनादेश उपलब्ध कराए गए हैं।
वित्तीय पारदर्शिता एवं सूचनाओं की सुगम उपलब्धता की दृष्टि से वेबसाइट पर उत्तर प्रदेश राज्य आर्थिक सर्वेक्षण, वित्त विभाग द्वारा प्रकाशित बजट की रूपरेखा तथा भारत का संविधान हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। बजट से संबंधित मीडिया वीडियो भी वेबसाइट पर देखे जा सकेंगे।
वेबसाइट पर चालू वित्तीय वर्ष के मूल बजट और पिछले वित्तीय वर्ष के प्रमुख वित्तीय संकेतकों का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया गया है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के लिए बजट प्रावधानों तथा विगत 10 वर्षों के वित्त मंत्रियों के बजट भाषणों को भी उपलब्ध कराया गया है।
नवीनीकृत बजट वेबसाइट से प्रदेश की वित्तीय व्यवस्था से संबंधित सूचनाओं तक पहुंच आसान होगी। यह पहल बजटीय पारदर्शिता, सूचना की सुलभता और डिजिटल सुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उद्घाटन के दौरान प्रमुख सचिव वित्त दीपक कुमार, सचिव संदीप कौर, पंधारी यादव, एवं विशेष सचिव आलोक दिक्षित शाहिद विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों आदमी उपस्थित थे।




