आज देशभर में बुद्ध पूर्णिमा का पर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आज वैशाख माह की पूर्णिमा है, जिसे बुद्ध पूर्णिमा भी कहा जाता है। भगवान का आशीर्वाद पाने के लिए यह दिन काफी खास माना जाता है। आज सुबह से ही काशी और प्रयागराज में गंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं का आना लगा हुआ है। श्रद्धालु यहां पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे है। वहीं, इस दिन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
CM योगी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और प्रदेशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, ”प्रदेश वासियों को पावन ‘बुद्ध पूर्णिमा’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान बुद्ध ने संपूर्ण सृष्टि को धर्म, करुणा, अहिंसा और शांति का मार्ग दिखाया। उनका विराट तपस्वी जीवन ‘स्व’ को जागृत करने और दूसरों की सेवा में स्वयं को समर्पित कर देने की प्रेरणा देता है। महात्मा बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर विश्व में शांति और सद्भाव का वातावरण सृजित किया जा सकता है।”
राज्यपाल ने दी बधाई
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने देश और प्रदेशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की बधाई दी है। राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा, ”भगवान बुद्ध का त्यागमय जीवन व उत्कृष्ट विचार संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श हमारे जीवन को आलोकित करते रहें और हम सभी को शक्ति प्रदान करते रहें।”
जानिए बुद्ध पूर्णिमा का महत्व
वैशाख पूर्णिमा को श्री हरि ने कच्छप अवतार लिया था। इसी दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था. बुद्धत्व की प्राप्ति हुई थी और निर्वाण भी प्राप्त हुआ था। इस दिन आराधना और दान करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। चंद्रमा मजबूत होता है और जीवन की तमाम समस्याएं दूर होती हैं। इस दिन भगवान विष्णु के अलावा शिवजी की पूजा करने से शरीर के तमाम रोगों से छुटकारा पाया जा सकता है।
Fark India | National Hindi Magazine Hindi Magazine and Information Portal