दिल्लीप्रादेशिक

दिल्ली: चिड़ियाघर में अफ्रीकी हाथी शंकर जंजीरों से मुक्त, हालात में हुआ सुधार

केंद्रीय पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह की कोशिशें कामयाब होती दिख रही हैं। अफ्रीकी हाथी शंकर न सिर्फ स्वस्थ हो रहा, बल्कि वह जंजीरों से मुक्त भी हो गया। उसने शुक्रवार को बाड़े में खूब चहलकदमी की। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पर शंकर का वीडियो साझा किया। सिंह ने कहा, अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि दिल्ली के चिड़ियाघर में अफ्रीकी हाथी शंकर न सिर्फ तनाव मुक्त हुआ, बल्कि जंजीर से भी मुक्त कर दिया गया है। उसके खाने पर नजर रखी जा रही है। शंकर की देखभाल के लिए जामनगर के वनतारा से आई टीम व दक्षिण अफ्रीका के हाथी विशेषज्ञ डॉक्टर इंड्रियन और फिलीपीन से आए महावत माइकल ने शंकर की गहन निगरानी की है। इसके बाद उन्होंने शंकर के खान-पान व उसके रहने को सुविधाजनक बनाने के लिए दिशा निर्देश दिए, जिससे उसके व्यवहार में बदलाव देखने को मिले। शंकर की दिनचर्या और खाने के साथ उसे व्यस्त रखने के लिए अनेक गतिविधियों की रूपरेखा  तैयार की गई है। चिड़ियाघर पर हुई थी कार्रवाई शंकर के रहन-सहन को लेकर दिल्ली चिड़ियाघर के ऊपर कार्रवाई हुई थी और प्रतिबंध लगा दिया गया था। विश्व चिड़ियाघर और एक्वेरियम संघ वाजा ने दिल्ली चिड़ियाघर की सदस्यता 6 महीने के लिए निलंबित कर दी गई थी। आरोप था कि यहां हाथी को एकांतवास में रखा गया था, और उसकी सुविधाओं में भी खासी कमी थी। उसके बाद हरकत में आए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय व खासतौर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने इस पूरे मामले में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए शंकर के लिए सुविधाओं को बढ़ाया।

Related Articles

Back to top button