अंतर्राष्ट्रीय

इजरायल-हमास संघर्ष और यूक्रेन युद्ध से कौन बेहतर निपट सकता, डोनाल्ड ट्रंप या कमला हैरिस?

पांच नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव है। इस बार रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस के बीच कांटे की टक्कर है। अभी दोनों के बीच मामूली बढ़त हैं। मगर हार जीत तय करने में सात स्विंग राज्य बड़ी भूमिका निभाएंगे। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने सात राज्यों में जनमत सर्वेक्षण किया। यूक्रेन-रूस युद्ध और इजरायल संघर्ष को बेहतर तरीके से संभालने के मुद्दे पर डोनाल्ड ट्रंप ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस पर बढ़त बना ली है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शुक्रवार को सर्वेक्षण की रिपोर्ट को प्रकाशित किया। इसके मुताबिक समर्थन के मामले में हैरिस और ट्रंप उन सात राज्यों में बराबरी पर हैं, जो नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के फैसल में अहम साबित होंगे। सर्वेक्षण के अनुसार हैरिस को एरिजोना, जॉर्जिया और मिशिगन में दो प्रतिशत की बढ़त मिली है। वहीं ट्रंप नेवादा में 6 और पेंसिल्वेनिया में 1 प्रतिशत से आगे हैं। उत्तरी कैरोलिना और विस्कॉन्सिन में दोनों के बीच बराबरी की टक्कर है।

हर राज्य में 600 मतदाताओं में हुआ सर्वे

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने 28 सितंबर से आठ अक्टूबर तक यह सर्वे किया। इसमें प्रत्येक राज्य में 600 पंजीकृत मतदाताओं को शामिल किया गया। हालांकि इसके भी नतीजे अन्य सर्वेक्षणों के जैसे ही हैं। अमेरिका में इस बार गिरती अर्थव्यवस्था, आव्रजन, महिलाओं के अधिकारों और देश के लोकतांत्रिक मूल्य सबसे बड़े चुनावी मुद्दा हैं। इन मुद्दों की कसौटी पर ही दोनों से किसी एक का चयन अमेरिका की जनता पांच नवंबर को करेगी।

इन मुद्दों पर ट्रंप मजबूत

वॉल स्ट्रीट जर्नल के सर्वेक्षण के मुताबिक अधिकांश मतदाताओं ने कहा कि वे अर्थव्यवस्था और आव्रजन के मुद्दे पर ट्रंप का समर्थन करते हैं, जबकि अन्य मतदाताओं ने कहा कि आवास, स्वास्थ्य सेवा और लोगों की देखभाल के मामले में हैरिस बेहतर काम करेंगी। जब मतदाता से यह पूछा गया कि यूक्रेन-रूस युद्ध को संभालने में सबसे बेहतर कौन होगा? इस पर करीब सात स्विंग राज्यों में ट्रंप को 50% और हैरिस को 39% फीसदी मतदाताओं का साथ मिला। वहीं इजरायल-हमास युद्ध को संभालने के विषय पर ट्रंप ने बढ़त बनाई। ट्रंप को 48% और हैरिस को 33% फीसदी मत मिले। इससे पहले सितंबर महीने में कमला हैरिस ने 38 अंकों की बढ़त बनाई थी। शिकागो विश्वविद्यालय के सर्वे में 66 फीसदी एशियाई-अमेरिकी मतदाता हैरिस के पक्ष में थे। जबकि ट्रंप को सिर्फ 28 फीसदी मतदाताओं का समर्थन मिला था।

Related Articles

Back to top button