मुख्यमंत्री ने जनपद बुलन्दशहर में बुलन्दशहर एवं सिकन्दराबाद
विधानसभा क्षेत्रों की 574 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 57
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार विरासत और विकास
के अद्भुत समन्वय से प्रदेश में विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही : मुख्यमंत्री
प्रदेश सरकार पूरी संवेदना के साथ प्रदेशवासियों के हितों
का संवर्धन कर रही, उ0प्र0 बॉटम थ्री से टॉप थ्री में पहुंच चुका
महाभारत कालीन पावन धरा बुलन्दशहर अपनी विरासत
व विकास प्रक्रिया के साथ बुलन्दी से आगे बढ़ रहा
प्रदेश सरकार द्वारा बुलन्दशहर को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने
के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे की स्वीकृति प्रदान की गयी
नोएडा इन्टरनेशनल एयरपोर्ट प्रारम्भ, यह एयरपोर्ट पश्चिमी
उ0प्र0 की समृद्धि के साथ-साथ भारत की समृद्धि का आधार बनेगा
यहां बाईपास व रिंग रोड के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत,
श्रद्धेय कल्याण सिंह जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित
उ0प्र0 मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में देश में नम्बर एक, देश में जितने
मोबाइल फोन बनते, उनमें 55 प्रतिशत केवल उ0प्र0 में बन रहे,
प्रदेश में देश के 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेन्ट बन रहे
प्रदेश चीनी मिलों के संचालन, गन्ना व इथेनॉल उत्पादन में नम्बर एक
बुलन्दशहर देश को सर्वाधिक सैनिक देने वाला जनपद, यहां के जिस
गांव में आप जाएंगे, कोई न कोई पूर्व सैनिक या अधिकारी अवश्य मिलेगा
प्रदेश के परम्परागत उद्यमों को पुनर्जीवित कर ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन
प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा
प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त,
जिनके माध्यम से लाखों युवाओं को नौकरी और रोजगार की सुविधा
आयुष्मान भारत या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत गरीब
परिवारों को 05 लाख रु0 का बीमा कवर प्रदान किया जा रहा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के अद्भुत समन्वय से विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार पूरी संवेदना के साथ प्रदेशवासियों के हितों का संवर्धन कर रही है। आज उत्तर प्रदेश बॉटम थ्री से टॉप थ्री में पहुंच चुका है। अब प्रदेश में देश के किसी भी राज्य से अच्छी सड़कें हैं। यहां ग्लोबल स्टैंडर्ड के एक्सप्रेस-वे हैं। यहां की सड़कों की स्पीड, विकास व समृद्धि की स्पीड है। जितना अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा, अर्थव्यवस्था उतनी तेज गति से बढ़ेगी। जितनी तेज गति से अर्थव्यवस्था बढ़ेगी, उतनी ही तीव्रता से रोजगार का सृजन होगा। जितनी तीव्रता से रोजगार सृजित होगा, समृद्धि की उतनी ही ऊंचाई पर हमारा जनपद, प्रदेश और देश पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री आज जनपद बुलन्दशहर में बुलन्दशहर एवं सिकन्दराबाद विधानसभा क्षेत्रों की 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, प्रतीकात्मक चेक, चाभी, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूलकिट एवं प्रमाण पत्र आदि प्रदान किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन, पौध रोपण, महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत कालीन पावन धरा बुलन्दशहर अपनी विरासत व विकास प्रक्रिया के साथ बुलन्दी से आगे बढ़ रहा है। यह वीर राजा अहिबरन की पुण्यभूमि है। अब बुलन्दशहर पूरी तरह बदल चुका है। वर्ष 2017 से पूर्व यहां भय और दहशत का वातावरण रहता था। आज बुलन्दशहर निर्भय होकर विकास प्रक्रिया के साथ मजबूती से जुड़ा है। देश का सबसे लम्बा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे बुलन्दशहर को जोड़ते हुए आगे बढ़ रहा है। इस एक्सप्रेस-वे के माध्यम से मां गंगा के सान्निध्य में आप 05 घंटे में प्रयागराज पहुंच जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधियों ने प्रस्ताव रखा कि गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बुलन्दशहर को देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट से जोड़ना चाहिए। हमने बुलन्दशहर को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे की स्वीकृति प्रदान की। यहां के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस परियोजना के सम्बन्ध में किसानों का मुआवजा बढ़ना चाहिए, हमने कहा वह भी स्वीकृत करेंगे। अन्नदाता किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है। आज हमारा अन्नदाता किसान खुशहाल है। कनेक्टिविटी प्राप्त होने से यह शहर नए औद्योगिकीकरण के युग में प्रवेश करेगा, जिससे युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। नोएडा इन्टरनेशनल एयरपोर्ट प्रारम्भ हो चुका है। यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समृद्धि के साथ-साथ भारत की समृद्धि का आधार बनने वाला है। यह एयरपोर्ट लगभग 14,000 एकड़ भूमि में विकसित किया जा रहा है। एयरक्राफ्ट रिपेयर एण्ड मेन्टेनेंस का केन्द्र बन रहा है। कारगो और डोमेस्टिक व इन्टरनेशनल पैसेंजर के लिए बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी का माध्यम बनने जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिनों यहां के जनप्रतिनिधियों ने बाईपास व रिंग रोड की मांग की थी। वह प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। अब यहां श्रद्धेय कल्याण सिंह के नाम पर बाबू कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है। पहले मेडिकल कॉलेज यहां के लिए सपना था। खुर्जा की क्रॉकरी के साथ-साथ यहां की क्रॉकरी भी देश और दुनिया में नई पहचान बना रही है। यहां के अन्नदाता किसानों द्वारा उत्पादित गन्ने की मिठास सभी को आकर्षित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बन रही इन्टरनेशनल फिल्म सिटी, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, आई0टी0 एण्ड इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी तथा फिनटेक सिटी से बुलन्दशहर भी लाभान्वित होगा। आज उत्तर प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में देश में नम्बर एक पर है। देश में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें 55 प्रतिशत केवल उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं। प्रदेश में देश के 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेन्ट बन रहे हैं। प्रदेश चीनी मिलों के संचालन, गन्ना व इथेनॉल उत्पादन में नम्बर एक पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलन्दशहर देश को सर्वाधिक सैनिक देने वाला जनपद है। यहां के जिस गांव में आप जाएंगे, कोई न कोई पूर्व सैनिक या अधिकारी अवश्य मिलेगा। यहां ‘जय जवान-जय किसान’ का भाव सार्थक होता है। अब बुलन्दशहर में बेटी व व्यापारी सुरक्षित हैं। सभी पर्व और त्योहार शान्तिपूर्वक मनाए जाते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही नौकरियों में यहां के युवा बड़ी संख्या में सहभागी बनते हैं। आज यहां के युवा स्टार्टअप स्थापित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से अपना उद्यम स्थापित कर रहे हैं। प्रदेश के परम्परागत उद्यमों को पुनर्जीवित कर ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की कल्याणकारी योजनाओं की सफलता में प्रदेश का नाम नम्बर एक या दो पर आता है। राज्य विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों युवाओं को नौकरी और रोजगार की सुविधा प्राप्त हुई है। जब टीम वर्क तथा बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके डबल इंजन की स्पीड हो तब जाकर यह परिणाम आता है। आज जरूरतमन्दों को प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। आयुष्मान भारत या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत गरीब परिवारों को 05 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। डबल इंजन सरकार बंद चीनी मिलों को पुनः संचालित कर रही है। प्रत्येक अन्नदाता किसान के उन्नयन का कार्य हो रहा है। प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से उबर चुका है।

इस अवसर पर जनपद बुलन्दशहर के प्रभारी मंत्री तथा राजस्व राज्यमंत्री सुरेन्द्र दिलेर, सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर, डॉ0 भोला सिंह, डॉ0 महेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य श्रीचन्द्र शर्मा, दिनेश कुमार गोयल, नरेन्द्र सिंह भाटी, विधायक लक्ष्मीराज सिंह, प्रदीप कुमार चौधरी, देवेन्द्र सिंह लोधी, संजय कुमार शर्मा, चन्द्रपाल सिंह, अनिल कुमार शर्मा तथा मीनाक्षी सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
