प्रधानमंत्री ने की छात्रों के नवाचार हेतु ₹1 लाख करोड़ की बजटीय व्यवस्था, श्री मौर्य
भारत आर्थिक एवं सामरिक महाशक्ति बनेगा, उपमुख्यमंत्री
आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में युवा निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका : केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश एवं देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
प्रयागराज/लखनऊ । 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय तथा रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने देश एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, महानगर अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, माननीय जनप्रतिनिधिगण, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रयागराजवासी उपस्थित रहे। राष्ट्रध्वज के सम्मान में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर को उत्साहपूर्वक मनाया।

लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंदों का गायन ऐतिहासिक क्षण
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और उत्साह का दिन है। प्रयागराज की पुलिस लाइन से लेकर देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले की प्राचीर तक स्वतंत्रता दिवस समारोहों में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंदों का गायन किया जाना ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह अवसर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने वाला है। आज पूरा देश एकजुट होकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प ले रहा है।
भारत बनेगा आर्थिक और सामरिक महाशक्ति
केशव प्रसाद मौर्य जी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में ‘शक्ति सप्तधारा’ का जो आह्वान किया है, वह भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण संदेश है। भारत ने सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है और मुझे पूरा विश्वास है कि देश निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से प्राप्त करेगा।
उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक महाशक्ति भी बनेगा और सामरिक महाशक्ति भी। भारत विकसित राष्ट्र बनेगा, लेकिन इसके साथ सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य आत्मनिर्भर भारत का है। उन्होंने कहा कि भारत को किसी के सामने हाथ फैलाने की आवश्यकता न पड़े, बल्कि दुनिया के किसी भी जरूरतमंद देश के साथ भारत कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हो—यही नए भारत की शक्ति और सामर्थ्य है।
विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ का संकल्प लिया
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आर्थिक महाशक्ति और सामरिक महाशक्ति बनने का लक्ष्य अब दूर नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उस मुकाम को हासिल करेगा, जिसका संकल्प देश ने लिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भी इस विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हमारा लक्ष्य ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ है और डबल इंजन की सरकार इसी संकल्प के साथ प्रदेश को विकास, सुशासन, रोजगार, निवेश, आधारभूत सुविधाओं तथा जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे ले जा रही है।
युवाओं के सपनों को साकार करेगी सरकार
मौर्य ने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। माननीय प्रधानमंत्री ने युवाओं और छात्रों के नवाचार एवं इनोवेशन के लिए केंद्र सरकार की ओर से ₹1 लाख करोड़ की बजटीय व्यवस्था का उल्लेख किया है। वहीं प्रदेश सरकार की ओर से भी ₹10,000 करोड़ की व्यवस्था की गई है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे आगे आएं, नए विचारों और नवाचार के साथ देश की विकास यात्रा में योगदान दें। स्टार्टअप, तकनीक, अनुसंधान, विज्ञान और नए उद्योगों के माध्यम से युवा भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले और नए अवसर पैदा करने वाले बनें। भारत के युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा मिलेगी तो देश दुनिया की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और सामर्थ्य को विकसित करना है। भारत को दुनिया पर निर्भर रहने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया की आवश्यकताओं में योगदान देने वाला देश बनना है। उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा, कृषि, उद्योग, तकनीक, डिजिटल क्षेत्र, अंतरिक्ष, बुनियादी ढांचे और स्टार्टअप के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में भारत विश्व की अर्थव्यवस्था और सामरिक शक्ति के क्षेत्र में और मजबूत भूमिका निभाएगा।
