उत्तर प्रदेशप्रादेशिक

केशव मौर्य ने सरदार पटेल को किया नमन

केशव प्रसाद मौर्य ने सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर किया नमन, दी राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश । उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास, सात कालिदास मार्ग पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रतीक, भारत रत्न, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता की अप्रतिम मिसाल हैं। उन्होंने अपनी लौह इच्छाशक्ति, अदम्य साहस एवं कूटनीतिक दूरदर्शिता के बल पर सैकड़ों रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया। स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री एवं उप प्रधानमंत्री के रूप में देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण और किसानों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष से आज भी देशवासियों को प्रेरणा मिलती है।

मौर्य ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण है। उनका जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक है और हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विविधता में एकता की भावना को साकार करते हुए सशक्त, संगठित एवं अखंड भारत की नींव रखी। देश की एकता एवं अखंडता के लिए उनके द्वारा किए गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्र उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल की स्मृतियों को संजोने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। गुजरात में स्थापित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके अद्वितीय व्यक्तित्व, फौलादी संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी देशवासियों से आग्रह किया कि जीवन में एक बार स्टैच्यू ऑफ यूनिटी अवश्य जाएं और सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण के योगदान से प्रेरणा लें।

मौर्य ने कहा कि वर्तमान सरकार सरदार पटेल के सपनों को साकार करने तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे कार्यक्रम राष्ट्र की एकता, अखंडता और समरसता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ ही देशवासियों में राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

उन्होंने कहा कि हम सभी को सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने, राष्ट्रीय एकता की भावना को बलवती बनाने तथा एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं स्वाभिमानी भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। सरदार पटेल के जीवन दर्शन को केवल स्मरण ही नहीं, बल्कि आत्मसात कर अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Articles

Back to top button