दीपक कुमार हुए रिटायर, यूपी की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल, 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले
अनुराग श्रीवास्तव बने नए कृषि उत्पादन आयुक्त, आलोक कुमार-2 को IIDC और आलोक कुमार-3 को वित्त विभाग की जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार के सेवानिवृत्त होते ही शासन ने शीर्ष स्तर पर व्यापक बदलाव करते हुए 15 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कृषि उत्पादन आयुक्त (APC), अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) और वित्त विभाग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां की गई हैं।
मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को अपर मुख्य सचिव नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, दीपक कुमार के सेवानिवृत्त होने से खाली हुए कृषि उत्पादन आयुक्त के पद पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है।
अनुराग श्रीवास्तव APC की जिम्मेदारी के साथ अपर मुख्य सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल, मिशन निदेशक ग्रामीण पेयजल मिशन तथा परियोजना निदेशक राज्य स्वच्छ गंगा मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
वहीं, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) की जिम्मेदारी आईएएस आलोक कुमार-2 को सौंपी गई है। उन्हें अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, अपर मुख्य सचिव एनआरआई तथा अध्यक्ष पिकप का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसी क्रम में आईएएस आलोक कुमार-3 को वित्त विभाग की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें प्रमुख सचिव वित्त, प्रमुख सचिव संस्थागत वित्त तथा प्रमुख सचिव बाह्य सहायतित परियोजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।




